दून-पांवटा हाईवे पर ढाकी गांव के समीप बाइक और कार की आमने सामने की भिड़ंत में पिता-पुत्र की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। पिता-पुत्र की मौत से गांव में मातम छा गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शरीफ (45) पुत्र चांद अली और उसका पुत्र रफीक (22) निवासी ग्राम ढकरानी थाना विकासनगर सेलाकुई स्थित एक कंपनी में काम करते थे।
बताया जा रहा है कि रात की शिफ्ट में ड्यूटी करने के बाद दोनों बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। सुबह करीब पौने सात बजे ढाकी गांव के करीब सामने से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ढाकी गांव से अचानक स्कूटी सवार के हाईवे पर आ जाने से कार चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सामने से आ रहे बाइक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त भी कि रफीक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहगीर आनन फानन में घायल शरीफ को निजी वाहन से हबरर्टपुर स्थित लेहमन अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ढकरानी के प्रधान अयूब ने बताया कि मृतक रफीक चार बहनों का इकलौता भाई था। उसका डेढ़ साल का बच्चा है।
दोनों पिता पुत्र कंपनी में काम कर परिवार चलाते थे। उन्होंने शासन प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। थानाध्यक्ष मुकेश त्यागी ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में ले लिया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।