हरिद्वार रोड पर ब्रह्मपुर गांव के पास शनिवार देर रात बाइक सवार परिवार ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गया। हादसे में लक्सर निवासी एक व्यक्ति और उसकी छह वर्षीय बेटी की मौत हो गई। जबकि पत्नी और बेटा गंभीर घायल हो गए।
घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ फरार हो गया। मौके पर एकत्र लोगों ने ट्रैक्टर में तोड़फोड़ की। हाईवे पर हंगामा किया।
पुलिस के अनुसार भेल में कार्यरत राजसिंह (35) पुत्र पलटूराम अपनी पत्नी अंजू, बेटी अस्मिता और एक साल के बेटे छोटू के साथ शनिवार शाम ससुराल ब्रह्मपुर आया था।
मौके पर पिता की मौत
रात करीब पौने नौ बजे लौटते समय शंकरपुरी ब्रह्मपुर के पास हाईवे पर रुड़की की तरफ से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने पर राजसिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल ले जाते समय छह वर्षीय बेटी ने दम तोड़ दिया। गंभीर घायल पत्नी और बेटे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद ब्रह्मपुर के लोग मौके पर जमा हो गए। कुछ देर बाद ही लक्सर से भी काफी लोग आ गए।
ग्रामीणों ने लगाया जाम
गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर तोड़फोड़ और हंगामा किया। इससे सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
क्रेन बुलाकर ट्रैक्टर ट्राली को हटवाया। देर रात तक गतिरोध बना रहा। सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी उनियाल ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।