देहरादून। दून अस्पताल में भर्ती मोहब्बेवाला ट्रक हादसे के घायलों के इलाज में परेशानी आ रही है। परिजनों का आरोप है कि उन्हें किसी से मदद नहीं मिल रही है। इलाज के लिए उन्हें कर्ज लेना पड़ रहा है। सोशल मीडिया में आरोप लगाते हुए वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने संज्ञान लिया है।
गौरतलब है कि 20 सितंबर को मोहब्बेवाला में ट्रक पलट गया था। इसमें एक युवक की मौत हो गई थी जबकि कई लोग घायल हो गए थे। हादसे के बाद घायलों को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसमें पिता और बेटी शामिल हैं। बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। ऐसे में उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। जबकि पिता हाथ में फ्रैक्चर है जिसका ऑपरेशन होना है। परिजनों की ओर से आरोप लगाया गया कि उनकी किसी ने भी मदद नहीं की। इलाज के पैसे चुकाने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है। इससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ। हालांकि अमर उजाला किसी भी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इस पर अस्पताल के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनम्र मित्तल ने बताया कि इलाज मुफ्त दिया जा रहा है। ऑपरेशन का क्या विषय है दिखवाया जा रहा है। परिवार की इलाज में पूरी मदद की जाएगी।