विशेष पुलिस बल (एसटीएफ) ने सेलाकुई में बहुराष्ट्रीय कंपनियों की नकली दवाओं के रैपर और शराब के लेबल बनाने के काले कारोबार का पर्दाफाश किया है। एक घर से नामी दवा कंपनियों के 658 रैपर बरामद हुए हैं। साथ ही शराब के एक नामी ब्रांड के 386 लेबल बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बिहार के आरोपी को गिरफ्तार भी किया है। आरोपी देहरादून की दो प्रिंटिंग प्रेस से नकली रैपर बनवाता था। इसी बैच का एक नकली दवाइयों का डिब्बा हरियाणा के पंचकुला में पकड़ा गया था। एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर को सेलाकुई में बहुराष्ट्रीय कंपनी की नकली दवाओं और शराब के रैपर व डिब्बे बनाकर विभिन्न राज्यों में आपूर्ति करने की शिकायत मिली थी। एसएसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे।
एक जून को ग्लेनमार्क कंपनी के सहायक प्रबंधक ने एसटीएफ कार्यालय में आकर सूचना दी कि देहरादून के सेलाकुई का रहने वाला संतोष नाम का व्यक्ति नकली दवाइयों के रैपर और क्यूआर कोड छपवाता है। एसटीएफ की टीम ने सेलाकुई के बायांखाला स्थित
एक मकान में छापा मारा। एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि कमरे एक व्यक्ति मौजूद था। उसने अपना नाम बिहार के छपरा जिले के हसुलानी निवासी संतोष कुमार बताया। तलाशी लेने पर कमरे में रखे गत्ते की पेटियों से बहुराष्ट्रीय कंपनियों के ब्रांड की विभिन्न दवाइयों के 658 रैपर बरामद हुए। शराब के के 386 नकली लेबल भी मिले। रैपर पर क्यूआर कोड भी थे। स्थानीय औषधि निरीक्षक प्रवीन सिंह ने दवाइयां को जब्त कर लिया था। एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सेलाकुई थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।