प्रदेश के एक नामी कॉलेज में छात्रों के एडमिशन में फर्जीवाड़ा सामने आया है। कॉलेज प्रशासन ने एलएलबी के छात्रों के एडमिशन में घपला किया है।
डीएवी पीजी कॉलेज के लॉ विभाग में 19 छात्रों ने फर्जी मार्कशीट लगाकर मेरिट से एलएलबी में दाखिले ले लिए। कॉलेज की जांच में यह बात सामने आई है।
इसके मुताबिक गढ़वाल विश्वविद्यालय सहित कई विवि ने साफ तौर पर इन मार्कशीटों को अपना मानने से इनकार कर दिया है। अब कॉलेज इन छात्रों को पूछताछ के लिए बुलाएगा और इसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएगा।
डीएवी में गत वर्ष एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की 320 सीटों पर मेरिट से दाखिले हुए थे। दाखिलों में कुछ छात्र नेताओं ने फर्जीवाड़े का आरोप लगाया था। प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन ने सभी दाखिलों पर जांच बैठाई थी। जांच समिति के संयोजक डॉ. जीवन प्रकाश मेहता ने बताया कि प्राथमिक जांच में 19 छात्रों के प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए हैं।
छात्रों ने ग्रेजुएशन की मार्कशीट गढ़वाल विवि के अलावा कई और विवि की लगाकर दाखिले लिए थे। सभी विवि ने मार्कशीट असली होने से साफ इनकार कर दिया है। तमाम और मामले अभी जांच की जद में हैं। जल्द कुछ और फर्जी दाखिले भी प्रकाश में आ सकते हैं। डॉ. मेहता ने इन 19 दाखिलों की रिपोर्ट शुक्रवार को प्राचार्य को सौंप दी। प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन ने समिति को अवगत कराया कि रिपोर्ट मिलते ही फ र्जी मामलों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
छात्रों को पूछताछ के लिए अंतिम मौका दिया जाएगा। इसके बाद कॉलेज प्रशासन की ओर से दाखिले रद्द करते हुए सीधे एफआईआर कराई जाएगी। प्राचार्य ने जांच समिति से दाखिलों की प्रक्रिया में बदलाव के भी सुझाव मांगे हैं।