संवाद न्यूज एजेंसी
देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक मेडिफेस्ट फोर्निक्स बृहस्पतिवार को संपन्न हो गया। अंतिम दिन लोक गायक इंदर आर्य की आवाज ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उन्होंने गुलाबी शरारा, मार्डन कुमाऊं और तेरो लहंगा सहित कई लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुति दी। फोर्निक्स के मंच पर काॅलेज के छात्र-छात्राओं ने भी अपनी बहुआयामी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लोकनृत्य, समूह गायन, एकल गायन और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चिकित्सा शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के राजकीय मेडिकल काॅलेज में सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।
सरकार बेहतर बुनियादी ढांचे, पर्याप्त चिकित्सक, आधुनिक उपकरण और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 21 दिसंबर को सभी मेडिकल काॅलेजों के प्राचार्यों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। मेडिकल काॅलेजों के छात्र-छात्राओं के शैक्षिक प्रमाणपत्र डीजी लाॅकर पर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही ई-ग्रंथालय की स्थापना की जा रही है। अगले छह माह में सभी राजकीय मेडिकल कॉलेजों में 95 प्रतिशत फैकल्टी की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। एसोसिएट और प्रोफेसर पदों पर भर्ती के लिए शीघ्र विज्ञप्ति जारी की जाएगी, जबकि तकनीशियन के रिक्त पद भी छह माह में भर लिए जाएंगे। इस दौरान चिकित्सा शिक्षा निदेशक डाॅ. अजय कुमार आर्य, प्राचार्य डाॅ. गीता जैन, उप चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. एनएस बिष्ट, डाॅ. राजीव कुशवाहा, डाॅ. ऋचा, डाॅ. अंकिता, डाॅ. जौली, डाॅ. अभय, डाॅ. रंगील रैना, डाॅ. अशोक, डाॅ. सुशील ओझा, डाॅ. अनिल जोशी और मुख्य जनसंपर्क अधिकारी महेंद्र भंडारी आदि मौजूद रहे।