देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंजाब रोडवेज की बस ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चकराता तहसील क्षेत्र के बायला गांव निवासी फैक्टरी कर्मी लाल सिंह (38) की मौत हो गई। दूसरा बाइक सवार फैक्टरी कर्मी घायल हो गया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब रोडवेज की बस देहरादून से हिमाचल प्रदेश के पांवटा की ओर जा रही थी। वहीं, हरबर्टपुर से दो व्यक्ति बाइक से सेलाकुई में फैक्टरी में काम करने जा रहे थे। देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा रामपुर मस्जिद के पास एक वाहन को ओवरटेक करते हुए बस ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार फैक्टरी कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस में दोनों को अस्पताल भिजवाया।
थाना प्रभारी सहसपुर शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने लाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। दूसरे बाइक सवार हरबर्टपुर के आदर्श विहार के वार्ड नंबर दो निवासी धर्मेंद्र प्रजापति का धूलकोट स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बाइक और बस को थाने में खड़ा करवा दिया है। मृतक के चचेरे भाई भरत सिंह चौहान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बस चालक की पहचान की जा रही है।