एक वृद्धा की आंख में गांठनूमा संदिग्ध परजीवी देखकर चिकित्सक भी हैरान रह गए। इस असामान्य घटना का पता उस वक्त लगा जब वृद्धा की आंख के ऑपरेशन की तैयारियां चल रहीं थी।
कारण जानने के लिए चिकित्सकों ने संदिग्ध परजीवी को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। दूसरे मरीजों को संक्रमण की आशंका के चलते चिकित्सकों ने दो दिन के लिए नेत्र विभाग के ऑपरेशन थिएटर को बंद कर दिया है।
आंख में धूल का एक कण परेशानी खड़ा कर देता है, लेकिन टिहरी निवासी 65 वर्षीय दिलो की आंख में मांस की गांठ जैसा कुछ तैर रहा था। बावजूद इसके दिलो देवी सामान्य थीं।
मंगलवार को आंख में लेंस लगाने के लिए उन्हें जब ऑपरेशन थिएटर में लाया गया तो उनकी निचली पलक में दबी यह गांठ मिली। इसे देख नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुशील ओझा हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि यह असामान्य घटना है। प्रथमदृष्टया यह एक मांस की गांठ या परजीवी लग रहा है। लिहाजा इसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि यह क्या चीज है और किस कारण से यह आंख में आया?
बताया कि यदि यह परजीवी है तो दूसरे मरीजों को भी इससे संक्रमण हो सकता है। इसके लिए ऑपरेशन थिएटर को फ्यूमिगेशन कर दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को ऑपरेशन शुरू होंगे। उन्होंने बताया कि इससे ऑपरेशन का बैक लॉग जरूर बढ़ सकता है, लेकिन मरीजों की सुरक्षा के लिए लिहाज से यह निर्णय लिया गया है।