आपूर्ति विभाग के गोदाम से अगर डीलरों को सूखी चीनी लेनी है, तो उनको अतिरिक्त रुपये देने होगे। कई डीलरों ने ऐसा आरोप लगाया है। आरोप यह भी है कि अतिरिक्त रुपये न देने पर उनकी कार्रवाई का डर दिखाकर गीली चीनी लेने को मजबूर किया जाता है।
इसी माह प्रेमनगर क्षेत्र के दो राशन डीलरों को सौ रुपये प्रति कुंतल अतिरिक्त रुपये देकर सूखी चीनी लेनी पड़ी। नाम न छापने की शर्त पर इन डीलरों ने बताया कि उन्होंने शिकायत इसलिए नहीं की, क्योंकि ऐसा करने पर विभाग उल्टा उनकी दुकान पर कार्रवाई कर देगा।
बताया कि तीन माह पहले एक राशन डीलर ने विभाग से शिकायत की तो विभाग ने उसकी दुकान सस्पेंड कर दी। हालांकि विभाग ने दुकान सस्पेंड करने की वजह कुछ और बताई।
कई और डीलरों की भी कुछ ऐसी ही शिकायत है। कार्रवाई के डर के कारण उन्होंने भी विभाग से शिकायत न कर सस्ता गल्ला परिषद के पदाधिकारियों से इसकी शिकायत की है।
यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर राशन डीलर के साथ ऐसा हुआ है तो वह हमारे कार्यालय में आकर शिकायत कर सकता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच कराई जाएगी।
चंद्र सिंह धर्मसत्तू, आरएफसी गढ़वाल