राजधानी देहरादून में यातायात नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए गए पुलिस के अभियान ने शहर के ट्रैफिक प्लान को ध्वस्त कर दिया।
पूरे शहर की प्रमुख सड़कों, चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ विभिन्न थानों के जवानों को उतारे जाने के बावजूद लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे।
एक दिन में 2500 चालान
ऊपर से आदेश था तो जवानों में जाम खुलवाने के बजाय ज्यादा से ज्यादा चालान काटने की होड़ सी नजर आई। दिनभर 2500 चालान कर इसे साबित भी कर दिया गया, लेकिन इस दौरान सड़कें-गलियों के चोक हो जाने से लोगों को जो परेशानी हुई उसकी भरपाई नहीं की जा सकी।
सोमवार सुबह पुलिस अधिकारियों के आदेश पर अचानक ट्रैफिक पुलिस के साथही थाना-चौकियों से भी पुलिसकर्मियों को सड़क पर उतार दिया गया। दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और तेज रफ्तार पर वाहनों के ताबड़तोड़ चालान शुरू कर दिए गए।
वाहन फंसते रहे
हर चौराहे पर पुलिसकर्मी चालान बुक लेकर खड़े रहे और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को रोककर चालान काटते रहे। लेकिन पुलिस के अभियान ने ही यातायात व्यवस्था को ही पटरी से उतारकर रख दिया।
मुख्य सड़कों पर चालान काटने के लिए रोके गए वाहनों से जाम लगने लगा तो लोगों ने गलियों का रुख किया। लेकिन वहां, सड़कों की चौड़ाई कम होने से वाहन फंसते रहे।
इधर पुलिस चालान काटने में व्यस्त रही और सड़कों-गलियों में जाम से जूझती जनता पस्त। देर शाम किसी तरह यातायात सुचारु हो सका।
यहां फंसे रहे वाहन
घंटाघर, चकराता रोड, दर्शनलाल चौक, तहसील चौक, दून चौक, प्रिंस चौक, आढ़त बाजार, गांधी रोड, पटेलनगर, पलटन बाजार, धामावाला, डिस्पेंसरी रोड, हनुमान चौक, मोती बाजार
तिब्बती रैली से बढ़ी मुश्किल
तिब्बती जनक्रांति की वर्षगांठ पर तिब्बती समुदाय के लोगों ने सोमवार को रैली निकाली। सुबह 11 बजे तिब्बती मार्केट से निकली रैली प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली।
पहले से जाम से जूझ रहे लोगों के लिए रैली ने मुश्किलें बढ़ा दीं। रैली के गुजरने के दौरान घंटाघर, दर्शनलाल चौक, राजपुर रोड, एस्ले हाल चौक पर लंबा जाम लगा।
शाम को साईं संध्या से जाम
शाम को कोतवाली के पीछे सड़क पर साईं संध्या के लिए लगाए गए पंडाल ने यहां से गुजरने वाले लोगों को परेशान किए रखा।
बाजार और कार्यालयों से घर लौटने में जल्दी के लिए जिन लोगों ने डिस्पेंसरी रोड का रुख किया, उन्हें यहां से लौटना पड़ा। इससे फिर जाम लगने लगा।
इस दौरान कुछ लोग आयोजकों से उलझते भी नजर आए। पुलिस मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।