गर्मी आते ही लोग जूस, कोल्ड ड्रिंक्स और अन्य पेय पदार्थ लेना अधिक पसंद करते हैं। ऐसे में अधिक संख्या में बाजार में पेय पदार्थ उपलब्ध होते हैं। लेकिन बाजार में अब एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक्स भी मिल रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में अभियान चलाकर दुकानों और ढाबों में खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान कई जगह एक्सपायरी डेट की चिप्स और कोल्ड ड्रिंक्स दुकानों पर बिकती हुई मिली।
विभाग की टीम ने 25 दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके अलावा कई ढाबों से बासी खाना और ठेलियों पर बिक रहे कटे फलों को भी नष्ट कराया। सोमवार को जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरकी पैड़ी के आसपास और रेलवे स्टेेशन के सामने के क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया।
जिसमें हरकी पैड़ी के सामने सीसीआर क्षेत्र और दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग में बिक रहे शीतल पेय एवं फास्ट फूड की जांच की। जिसमें एक्सपायरी डेट की चिप्स और कोल्ड ड्रिंक्स बिकती मिली।
जिसे जब्त करते हुए मौके पर नष्ट कराया गया। हरकी पैड़ी पर कई ढाबों पर बासी सब्जियों में केमिकल डालकर बेचने के मामले पकड़ में आए। विभाग ने खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया।
रेलवे स्टेशन के सामने ढाबों में घटिया आचार, पुरानी सब्जी, खीर के नाम पर धोखाधड़ी देखनी को मिली। जिसे नष्ट कराते हुए टीम रोडवेज स्टैंड के सामने पहुंची। वहां पर कटे-फटे फल बिकते मिले।
कई दुकानों पर तो जूस भी पुराना तैैयार किया हुआ मिला। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि जहां भी अनियमितता मिली, सभी सामानों को नष्ट कराया गया। उन्होंने बताया कि 25 दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्होंने बताया कि बाजार में नियमित छापेमारी की जाएगी।