ऑल वेदर रोड पर पौधरोपण करने के लिए हरिद्वार वन प्रभाग की बहादराबाद नर्सरी को भी चुना गया है। इस नर्सरी में विभिन्न प्रजातियों के तीन से चार लाख पौध तैयार करने की योजना बनाई गई है। करीब ढाई हेक्टेयर की नर्सरी में इस साल एक लाख 78 हजार पौधे तैयार किए गए हैं।
इनमें कंजू, कंजी, नीम, जामुन, पीपल, खैर, अमरूद, बांस, आंवला और शीशम आदि के पौधे तैयार किए गए हैं। अब ऑल वेदर रोड के किनारे पर पौधरोपण करने के लिए पौध तैयार करने की क्षमता बढ़ाकर चार लाख तक की जा रही है।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बहादराबाद नर्सरी में ऑल वेदर रोड के लिए पौधे तैयार करने के लिए क्षमता बढ़ाते हुए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसमें सड़क की हरियाली बढ़ाने और सौंदर्यीकरण के लिए विभिन्न प्रकार के पौधे तैयार किए जाएंगे। शासन से प्रस्ताव के अनुसार बजट मिलते ही पौधे तैयार करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
-नीरज शर्मा, डीएफओ, हरिद्वार