फेसबुक आईडी हैक करने के मामले को लेकर साइबर सेल विशेषज्ञों ने फेसबुक की मदद लेनी शुरू कर दी है। लोगों की आईडी हैक होने पर उनसे यूआरएल और ठगों को दिए गए बैंक अकाउंट नंबर को मांगा जा रहा है।
इन दोनों नंबरों को फेसबुक के अमेरिका में कैलिफोर्निया स्थित ऑफिस को भेजा जा रहा है। वहां से साइबर सेल को आईपी एड्रेस दिया जा रहा है। इस नंबर के आधार पर साइबर विशेषज्ञ टेलीकॉम कंपनियों से संपर्क कर मोबाइल नंबरों को ट्रेस कर रहे हैं।
इससे ठगों का नाम और पता मिलेगा। साइबर सेल विशेषज्ञ आनंद कश्मीरा और चंदन बिष्ट ने लोगों से अपील की है कि वह आईडी हैक होते ही आईडी से जुड़े लोगों को जानकारी दे दें। इससे ठगी का शिकार होने से बचा जा सकेगा।
साइबर ठग ऊधमसिंह नगर जिले के सीओ समेत 10 पुलिस कर्मियों की फेसबुक आईडी हैक कर उन्हीं के नाम से फर्जी आईडी बना चुके हैं। यातायात सीओ बीएस भंडारी की फेसबुक आईडी को दो बार हैक कर बीमारी के नाम पर उनके परिजनों व परिचितों से रुपयों की मांग की गई। कोतवाल केसी भट्ट, एसआई होशियार सिंह समेत अन्य सात पुलिस कर्मी साइबर ठगों के निशाने पर आ चुके हैं।
साइबर अपराधी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को ठगने की कोशिश में लगे हैं। बढ़ते साइबर अपराध को कम करने के लिए सीधे फेसबुक के कार्यालय से संपर्क किया जा रहा है। इससे अपराधियों का पता लगाने में मदद मिल रही है। आईडी हैक होने पर लोगों को साइबर सेल में शिकायत दर्ज करानी होगी।
- हिमांशु पंत, साइबर सेल प्रभारी।