एसओजी और एसटीएफ पूर्व में यूपी और उत्तराखंड के बदमाशों को बाहरी जिलों और राज्यों में दबिश देकर गिरफ्तार करती रही है। कानपुर के बिकरू कांड के बाद ऊधमसिंह नगर पुलिस यहां किसी तरह की चूक करके अपने दामन पर दाग नहीं देखना चाहती है।
यही वजह है कि नवनियुक्त एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने लंबे समय से सक्रिय चल रहे फरार बदमाशों को पकड़ने और सक्रिय गैंग की लिस्ट तैयार करवा दी है। पुलिस की सभी टीमों को एक्शन मोड में लाकर उन्होंने बदमाशों को पकड़ने के आदेश भी जारी कर दिए हैं।
वर्ष 2010 से 2019 तक जिले में बदमाशों के 16 गैंग चिह्नित किए गए हैं। इसमें 10 गैंग सक्रिय है, जबकि तीन गैंग के मुखिया की मौत के बाद पुलिस की लिस्ट से उन्हें बाहर कर दिया गया है।
किच्छा में वर्ष 2018 में बहुचर्चित समीर हत्याकांड को अंजाम देने वाला राजा उर्फ रमनदीप जिले का सबसे महंगा 20 हजार का इनामी बदमाश है। इसके बाद राजा मुंबई से गिरफ्तार हुआ था, लेकिन किच्छा लाते समय हापुड़ के पास वह हथकड़ी समेत फरार हो गया था।
तब से वह पुलिस गिरफ्त से बाहर है। वहीं भाजपा नेता कुलविंदर सिंह किंदा की सुपारी देने वाले केडी और यूपी पुलिस के सिपाही के हत्यारे गौतम पर 10-10 हजार का इनाम है। इसके अलावा 13 बदमाशों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित है।
ये गैंग हुए लिस्ट से खारिज
सतीश चौधरी की मौत के बाद गैंग के सदस्य जहां सक्रिय हो गए हैं, वहीं लीडरों की मौत के बाद अन्य गैंग शांत हो गए हैं। उमेश पहलवान और शकील पहलवान की मौत के बाद उनके गैंग खारिज हो गए। वहीं शेर अली गैंग, प्रीतम गैंग के शांत होने पर इन्हें भी खारिज कर दिया है।
गैंग - वर्ष - केस
सतनाम गैंग - 2010 - 7
नाजिम गैंग - 2018 - 15
राजेश गंगवार गैंग - 2019 - 12
इंद्रपाल उर्फ गुड्डू गैंग - 2010 - 7
असरफ अली गैंग - 2010 - 7
सतीश चौधरी गैंग (मृत्यु)- 2015 - 41
मोहन गैंग वन माफिया - 2019 - 27
सिमरनदीप गैंग - 2019 - 5
प्रवीण यादव गैंग - 2019 - 5
योगेश उर्फ बंटी गैंग - 2019 - 3
सुमित गैंग - 2019 - 3
जिले में बदमाशों की कुंडली तैयार कर ली गई है। वर्तमान में 11 गैंग सक्रिय होने के साथ 47 इनामी बदमाश फरार चल रहे हैं। सभी की धरपकड़ के आदेश पुलिस कर्मियों को दिए जा रहे हैं। बदमाश कहीं भी छुपकर बैठा हो उसे ढूंढकर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
- दलीप सिंह कुंवर, एसएसपी