टर्म-1 की बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट का इंतजार कर रहे 10वीं और 12वीं के छात्रों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने टर्म-2 की परीक्षाओं की डेटशीट जारी करके चौंका दिया है। सीबीएसई ने शुक्रवार को टर्म-2 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए डेटशीट जारी कर दी है। दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं 26 अप्रैल से शुरू होगी और एक पाली में ही पेपर होंगे।
बोर्ड की ओर से जारी किए नोटिफिकेशन के अनुसार कक्षा 10 की परीक्षा 24 जून को समाप्त होगी, और कक्षा 12 की परीक्षा 15 जून को पूरी होगी। वहीं इस बार परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे होगा। परीक्षा केंद्र में मास्क पहनना अनिवार्य होने के साथ बच्चों को कोरोना गाइडलाइन का भी पालन करना होगा। बीते साल कोरोना के बाद बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने दो भागों में परीक्षाओं को कराने का फैसला लिया है। टर्म-1 की बोर्ड परीक्षाएं बीते साल 30 नवंबर से 11 दिसंबर तक देश भर में आयोजित की गई थी। वहीं कक्षा 12वीं की परीक्षा 1 दिसंबर से 22 दिसंबर तक आयोजित की गई थी। जिसका अभी तक बोर्ड की ओर से रिजल्ट जारी नहीं किया गया है। बोर्ड ने कहा है कि सीबीएसई 26 अन्य देशों में टर्म 2 बोर्ड परीक्षा आयोजित कर रहा है, इसलिए परीक्षा को दो पालियों में आयोजित करना संभव नहीं है।