पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नोटबंदी और जीएसटी को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार ने काले धन को समाप्त करने के लिए नोटबंदी करने की बात कही थी, लेकिन इसकी आड़ में काले धन को सफेद कर लिया गया।
कहा, बीजेपी इसे लेकर बड़ा खेल करने की तैयारी में है। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 से 50 प्रतिशत कमीशन देकर बड़ी मात्रा में नोट बदल लिए गए और यह काम किसी बड़े पद पर बैठे व्यक्ति के संरक्षण के बिना संभव नहीं था।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जीएसटी को शुरू से ही खराब कर दिया है और अब बार-बार संशोधन करके टल्ले लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अल्मोड़ा में हुई महिला रैली को लोकसभा चुनाव की तैयारियों का हिस्सा बताया।
यहां शिखर सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए रावत ने आरोप लगाया कि नोटबंदी के दौर में भारी कमीशन लेकर बड़ी मात्रा में काला धन सफेद किया गया। आरोप लगाया कि जीएसटी में किए गए गलत प्रावधानों के कारण देश की अर्थव्यवस्था में गिरावट आ रही है।
जीएसटी के कारण छोटे से लेकर बड़े उद्यमियों में विश्वास की कमी पैदा हो गई है। एक सवाल के जवाब में रावत ने कहा कि अल्मोड़ा में हुई महिला रैली बहुत कामयाब रही है और इससे पार्टी को नई ताकत मिली है।