देहरादून। केंद्रीय विद्यालय संगठन की 55वीं राष्ट्रीय खेलकूद फुटबॉल प्रतियोगिता में मंगलवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बीरपुर में रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के दौरान एर्नाकुलम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आगरा को 11-0 से करारी शिकस्त दी। विजेता टीम की आत्मिका ने अकेले छह गोल दागकर पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा।
दूसरे मुकाबले में बंगलूरू ने दिल्ली को 1-0 से हराया। बंगलूरू की ओर से जेशनीता ने निर्णायक गोल कर टीम को जीत दिलाई। वहीं, देहरादून और मुंबई के बीच खेला गया मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा। दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली। मुकाबलों से पहले प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर विद्यालय की प्राचार्य बसंती खम्पा ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।