चमोली जिले में आई आपदा में हताहत हुए लोगों के परिजनों से संपर्क कर कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून) की विशेष टीम उनके दावों का तेजी से निस्तारण कर रही है।
यह टीम संबंधित जल विद्युत परियोजना में हताहत हुए कर्मचारियों के परिवार से संपर्क साधकर उनके भविष्य निधि, पेंशन और बीमा के दावा पत्रों को एकत्रित कर उनका लाभ बांट रही है। टीम ने 25-26 फरवरी को एनटीपीसी के तपोवन प्रोजेक्ट का दौरा किया। संबंधित कर्मचारियों की भविष्य निधि व बीमा राशि का दावा करने की औपचारिकताएं पूूरी कीं, जिसमें चार मृृतक कर्मचारियों का दावा पत्र पूरा कराकर आश्रितों को त्वरित भुगतान किया गया। इसमें जितेंद्र कुमार मिश्रा को 1.30 लाख, सरिता थापा को 184075, सरोजनी देवी को 1,75,403 व विमला देवी को 1,17,357 रुपये के दावों का निस्तारण तीन मार्च को किया। बाकि पेंशन व बीमे का भुगतान भी एक सप्ताह के भीतर कर दिया जाएगा।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त मनोज कुमार यादव ने बताया कि जल विद्युत परियोजना में काम करने वाले कई कर्मचारी अभी भी लापता हैं और कई लोगों के अभी तक मृृत्यु प्रमाणपत्र जारी होने हैं। संगठन लगातार जल विद्युत परियोजनाओं के उच्च अधिकारियों के संपर्क में है और उन्हें निर्देशित किया गया है कि हताहत हुए कर्मचारियों के दावे जल्द से जल्द पूरे कर कार्यालय को भेजें। इस संबंध में किसी भी जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 8920985969 पर संपर्क कर सकते हैं।