हर दिन बड़ी संख्या में पर्यटक संस्थान में संग्रहालय देखने को पहुंचते हैं
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। वन अनुसंधान संस्थान में पर्यटकों के प्रवेश पर अस्थायी तौर पर रोक लगा दी गई है। रोक लगाने के पीछे सुरक्षा व्यवस्था का हवाला दिया गया है।
वन अनुसंधान संस्थान के संग्रहालय और भवन को देखने के लिए प्रतिदिन पांच से सात सौ तक लोग पहुंचते हैं। शनिवार और रविवार को संख्या और बढ़ जाती है। अब वन अनुसंधान संस्थान प्रबंधन ने पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। इस संबंध में कुल सचिव विकास राणा ने आदेश जारी किया है। जारी आदेश में कहा गया है कि सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत संस्थान परिसर में सभी पर्यटक ( सुबह व शाम को भ्रमण करने वालों के अतिरिक्त) के लिए तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक अस्थायी तौर पर बंद रहेगा। केवल पूर्व अनुमति के तहत शैक्षणिक भ्रमण को ही संस्थान में प्रवेश को अनुमति दी जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था का हवाला, पर कारण का उल्लेख नहीं
संस्थान के जारी आदेश में सुरक्षा का हवाला देकर पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगाई गई। सुरक्षा को लेकर वन्यजीव मूवमेंट या कोई अन्य कारण है, इसको लेकर भी जारी आदेश में उल्लेख नहीं किया गया है। वहीं, संस्थान में सुरक्षा कर्मियों की कमी को लेकर भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि हाल में कई सुरक्षा कर्मचारियों को हटाया गया है। इससे भी जोड़कर भी देखा जा रहा है, हालांकि इस संबंध में कोई अधिकृत पुष्टि नहीं हो सकी है।