- यूयूएसडीए द्वारा शहरी पेयजल और स्वच्छता सेवाओं के प्रभावी संचालन के लिए प्रशिक्षण आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) ने शहरी पेयजल और स्वच्छता सेवाओं के प्रभावी संचालन एवं रखरखाव के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया। कार्यक्रम में शहरी विकास निदेशालय, जल संस्थान, पेयजल निगम और नगर निगम के अधिकारी व इंजीनियर शामिल हुए।
परियोजना प्रबंधक गुरुप्रीत सिंह देओल ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि आधुनिक शहरी विकास का लक्ष्य केवल बुनियादी ढांचा खड़ा करना नहीं बल्कि उसे भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप टिकाऊ बनाना है। उन्होंने जोर दिया कि निर्माण के साथ ही रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। विशेषज्ञों ने स्काडा तकनीक और डिस्ट्रिक्ट मीटर एरिया दृष्टिकोण पर प्रस्तुति दी, जिससे पानी के लीकेज को न्यूनतम स्तर पर लाया जा सके। जेंडर विशेषज्ञ डॉ. रीता मोहन और अन्य विशेषज्ञों ने स्वच्छता सेवाओं में महिलाओं की भागीदारी, जल स्रोतों के संरक्षण और सामाजिक समानता पर बल दिया। परियोजनाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए उचित जल दरों (टैरिफ) की व्यवस्था को आवश्यक बताया गया। संचालन सुरेश खंडूरी ने किया। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता दीपक नौटियाल, भारती रावत, सतीश नौटियाल और अमित कुमार सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।