झाझरा में अवैध निर्माण तोड़ती जेसीबी।
- फोटो : VIKAS NAGAR
तहसील प्रशासन ने झाझरा में आसन नदी किनारे अभियान चला करीब 25 बीघा भूमि से अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान कई अवैध निर्माण और प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। इससे लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
तहसील प्रशासन ने बुधवार को झाझरा में आसन नदी किनारे की गई प्लॉटिंग को भी जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। अभियान के दौरान करीब 30 से 40 अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। लोगों ने प्रशासन से उनके आवासों को न तोड़ने की गुहार भी लगाई, लेकिन तहसील प्रशासन ने किसी की एक भी नहीं सुनी। एसडीएम ने आगे से भूमि पर कब्जा कर अवैध निर्माण कार्य करने पर मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी है। मालूम हो कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नदियों के किनारे कब्जा कर अवैध निर्माण कार्य किए गए हैं। कई जगहों पर प्लॉटिंग कर जमीन को बेचने की भी तैयारी है। ऐसे में तहसील प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेश पर झाझरा से लेकर विकासनगर तक कई जगहों पर ऐसी सरकारी जमीनों को चिह्नित किया है जहां पर लोगों ने कब्जा कर अवैध निर्माण कर लिए हैं। इन सभी लोगों को तहसील प्रशासन ने जमीन खाली करने के लिए नोटिस भी जारी किए हैं।
एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही अन्य इलाकों में भी अभियान चला सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया जाएगा।