देहरादून शहर में बुधवार से सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के महाभियान की शुरुआत होगी। आज अपर मुख्य सचिव (लोनिवि) ओम प्रकाश की अध्यक्षता में एक बैठक रखी गई है, जिसमें महाभियान की रणनीति बनेगी। अपर मुख्य सचिव लोनिवि ओम प्रकाश की अध्यक्षता में सर्वे रोड स्थित आईआरडीटी सभागार में आज शाम साढ़े पांच बजे होने वाली बैठक में अभियान को अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक में एमडीडीए, नगर निगम, पुलिस, लोनिवि, सिंचाई, ऊर्जा, राजस्व समेत अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
बैठक में अपर मुख्य सचिव अभियान से जुड़े अधिकारियों से अब तक की प्रगति का ब्योरा तलब करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से यह ब्योरा भी मांगा है कि शहर में जिन इलाकों में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां सड़क, फुटपाथ और बिजली के पोल लगाने का कार्य पूरा हुआ या नहीं। यदि पूरा नहीं हुआ तो उसके क्या कारण रहे? बैठक में एसीएस उन स्थानों का ब्योरा मांग सकते हैं, जहां से अतिक्रमण हटाया था और वहां दोबारा कब्जा कर लिया गया।