पेयजल निगम के महाप्रबंधक (प्रशासन) एसके जैन ने विभाग के प्रदेश के सभी अधिशासी अभियंताओं समेत विभागीय उच्चाधिकारियों को 14 जनवरी को भेजे पत्र में कहा है कि शासन ने 6 जुलाई 2017 को 50 वर्ष से अधिक आयु के कर्मचारियों को सेवानिवृत्त करने के संबंध में शासनादेश जारी किया था।
इसी शासनादेश के क्रम में कार्मिकों को सेवानिवृत्त करने के लिए प्रबंध निदेशक की अनुमति से सभी क्षेत्रों में मुख्य अभियंता की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि मुख्य अभियंता अपने क्षेत्र में इस संबंध में बैठकों में निर्णय लेकर अपनी संस्तुति के साथ कर्मचारियों के संबंध में 25 जनवरी तक प्रधान कार्यालय को सुनिश्चित कराएं। हालांकि महाप्रबंधक प्रशासन के पत्र में किन कर्मचारियों को सेवानिवृत्त किया जाएगा, इसका कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं है।
शासन के निर्देश पर 50 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मचारियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति के संबंध में कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी स्क्रीनिंग कर सेवानिवृत्त किए जाने वाले कर्मचारियों की सूची तैयार करेगी। यह आदेश फील्ड कर्मचारियों के संबंध में जारी किया गया है।
- एसके जैन, महाप्रबंधक (प्रशासन)