-राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने बैठक कर तैयारियों को किया पुख्ता
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। राज्य कर्मचारियों की 18 सूत्री मांगों को लेकर बृहस्पतिवार से चरणबद्ध आंदोलन शुरू होने जा रहा है। इससे पहले परिषद अध्यक्ष अरुण पांडे ने वर्चुअल बैठक के माध्यम से तैयारियों को परखा।
परिषद की ओर से 18 सूत्रीय मांगों के निस्तारण के लिए चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति बनाई गई है। प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडे की अध्यक्षता में हुई बैठक में महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट एवं अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के 15 जनवरी से शुरू होने वाले चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति बनाना था। जिसमें पदोन्नत वेतनमान 10, 16 एवं 26, गोल्डनकार्ड, विभागीय ढांचों का पुनर्गठन आदि मांगें शामिल हैं।
आंदोलन को धार देने के लिए देहरादून में संयोजक मंडल के हाथों में कमान सौंपी गई है। बैठक में 15 जनवरी से 31 जनवरी तक चलने वाली गेट मीटिंग की रणनीति तैयार की गई, जिसमें निर्णय लिया गया कि 15 जनवरी को राज्य कर विभाग, लक्ष्मी रोड एवं निदेशालय कोषागार में गेट मीटिंग का आयोजन किया जाएगा। बैठक में रविन्द्र सिंह चौहान, जगमोहन सिंह नेगी, सुरेश डबराल, रेखा भंडारी, दिवाकर बहुगुणा, विक्रम जोशी, संजय हर्ष जोशी शामिल रहे।