धनौरी। दिल्ली में बेटे की गिरफ्तारी का डर दिखाकर एक कॉलेज कर्मचारी से 40 हजार की धोखाधड़ी कर दी गई। कर्मचारी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
चमोली जनपद निवासी चरण सिंह हरिओम सरस्वती कॉलेज धनौरी में कर्मचारी हैं। पुलिस को दी शिकायत में चरण सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर करीब एक बजे उनके मोबाइल पर कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताकर कहा कि उनका बेटा ड्रग्स के साथ पकड़ा गया है। बेटे को बचाने के लिए एक लाख रुपये की मांग की गई। अचानक मिली इस सूचना से चरण सिंह घबरा गए और काफी देर तक फोन करने वाले से बात करते रहे। बाद में उन्होंने अपने साथियों से उधार लेकर 40 हजार रुपये ठग की ओर से दिए गए नंबर पर भेज दिए।
इसके बाद जब उन्होंने अपने बेटे के वास्तविक नंबर पर कॉल की तो मालूम हुआ कि वह ड्यूटी पर था और बिल्कुल सुरक्षित है। तब उन्हें एहसास हुआ कि किसी ठग ने उन्हें झांसे में लेकर पैसे ऐंठ लिए हैं। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।