-बिजनेस उत्तरायणी संस्था के मंथन 2025 में बोले सीएम धामी
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। बिजनेस उत्तरायणी संस्था की ओर से मुख्य सेवक सदन में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि सरकार का महिलाओं की हर क्षेत्र में अधिकतम भागीदारी पर जोर है।
सीएम धामी ने मंथन कार्यक्रम के दौरान स्टार्टअप, आत्मनिर्भरता एवं अन्य क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। यह समिट महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। महिलाओं ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार के बल पर अपने परिवार समाज और प्रदेश को आगे बढ़ाया है। महिलाएं राज्य की आर्थिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नारी तू नारायणी के मंत्र के साथ मातृशक्ति के कल्याण एवं सशक्तीकरण के लिए संकल्पित होकर निरंतर कार्य कर रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि मोदी सरकार में संसद, विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान, उज्ज्वला योजना, जन धन योजना, लखपति दीदी योजना को लागू एवं ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त किया। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नए भारत की नारीशक्ति प्रत्येक क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही है। महिलाएं उद्योग, कला, शिक्षा, विज्ञान तक, खेल, अनुसंधान, सेना जैसे अनेकों क्षेत्रों में पहचान बना रही हैं।
मातृशक्ति के कार्य को देखते हुए राज्य सरकार, राज्य में उत्पादों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और बिक्री के लिए एक सशक्त इकोसिस्टम विकसित करने का काम कर रही है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद विनोद उनियाल, वीरेंद्र सेमवाल, गंगा बिष्ट, कर्नल डीपी डिमरी (सेनि) , मधु भट्ट, गीता खन्ना, नीरज एवं अन्य लोग मौजूद रहे।