उत्तराखंड में 22 घंटे बिजली आपूर्ति करने के सीएम हरीश रावत के दावे को एक दिन बाद ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) एसएस यादव ने भी दोहराया।
24 घंटे दी जाएगी बिजली
उन्होंने कहा कि निगम इतनी आपूर्ति अभी देने में सक्षम है। इस दौरान वह सीएम से दो घंटे आगे निकल गए। कहा कि मनेरी भाली फेज दो से उत्पादन शुरू होने के बाद 24 घंटे आपूर्ति दी जाएगी।
उन्होंने नियामक आयोग के विद्युत टैरिफ न बढ़ने पर नाखुशी जताते हुए दोबारा अपील करने की बात कही।
सोमवार को ऊर्जा भवन में पत्रकारों से ऊर्जा निगम के एमडी एसएस यादव ने कहा कि राज्य में प्रतिदिन विद्युत मांग 30 से 35 मिलियन यूनिट रहती है।
राज्य के पावर हाउस से मिलने वाली बिजली के अतिरिक्त सेंट्रल ग्रिड से भी बिजली खरीदी जा रही है। इससे मांग और आपूर्ति बराबर है।
बताया कि हरिद्वार की धनौरी लाइन को ओवर लोड होने से बचाने की व्यवस्था की गई है।
जिम्मेदार कर्मियों पर पेनल्टी भी
यादव ने कहा कि क्षतिग्रस्त विद्युत ट्रांसफार्मरों को बदलने के लिए नए ट्रांसफार्मर सब स्टेशनों को उपलब्ध करा दिए गए हैं। समय रहते ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर जिम्मेदार कर्मियों पर पेनल्टी भी लगेगी।
बिजली संबंधी टोल फ्री शिकायत नंबरः
18001804185