आंधी-तूफान से शनिवार शाम गढ़वाल मंडल का विद्युत ग्रिड फेल हो गया। जिससे करीब एक घंटे तक समूचे गढ़वाल में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इसके अलावा देर रात तक भी गढ़वाल के विभिन्न हिस्सों में लोकल फाल्ट से विद्युत आपूर्ति ठप होने की सूचनाएं थीं।
शनिवार शाम तूफान आने से देहरादून और ऋषिकेश समेत विभिन्न हिस्सों में तारों व ट्रांसफार्मरों पर पेड़ और टहनियां टूट कर गिर गए। कई जगह पेड़ों के टूटने से हाईटेंशन लाइन भी टूटकर नीचे गिर गई। कुछेक ही लाइनें सुरक्षित रही।
कुछ लाइनों पर ट्रिपिंग आने से दूसरी लाइनों पर लोड बढ़ गया। इससे करीब साढ़े सात बजे पूरे गढ़वाल मंडल का ग्रिड फेल हो गया। ग्रिड को पूरी तरह से सुचारु करने में करीब एक घंटे का वक्त लग गया।
उत्तराखंड पावर कारपोरेशन के प्रवक्ता मधुसूदन इस्सर ने बताया कि तूफान थमते ही कारपोरेशन के इंजीनियर और दूसरे कर्मचारियों ने फील्ड में उतरकर विद्युत आपूर्ति सुचारु कराई।