- यूपीसीएल के एमडी के निर्देश, 31 मार्च तक चलेगा बड़ा वसूली अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। यूपीसीएल का राजस्व वसूली अभियान 31 मार्च तक चलेगा। इस दौरान छुट्टी के दिन भी सभी बिल काउंटर खुले रहेंगे। मंगलवार को यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार ने इस संबंध में बैठक कर निर्देश दिए।
एमडी ने सभी जोनल मुख्य अभियंताओं, सर्किल प्रमुखों, डिवीजन हेड्स एवं फील्ड स्तर के संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी निदेशकों और मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व वसूली के लक्ष्यों को गंभीरता और प्राथमिकता पर लिया जाए। प्रत्येक डिवीजन एवं मंडल प्रमुख वित्तीय लक्ष्यों के अनुरूप ठोस एवं उचित कार्ययोजना तैयार करें। फील्ड स्तर पर सुदृढ व्यवस्था, नियमित मॉनीटरिंग और उपभोक्ताओं से संवाद बढ़ाने पर बल दिया जाए।
सभी जोनल मुख्य अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों की निगरानी करने और डिफिसिट सर्किल, डिवीजन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। तैयार योजना रिपोर्ट का प्रति दिन निदेशक (परिचालन) स्तर पर अनुश्रवण किया जाएगा। एमडी ने कहा कि नेटवर्क सुदृढ़ीकरण एवं तकनीकी हानियों को कम करने के लिए त्वरित कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्मार्ट मीटर का काम कर रही एजेंसियों को भी तेजी से काम करने को कहा। स्पष्ट कहा कि 31 मार्च तक छुट्टी के दिनों में भी सभी बिल काउंटर खुले रखे जाएं।