साकेत बहुगुणा की नामांकन सभा में पानी-पानी यानि जबरदस्त बारिश हुई, लेकिन नेताओं और कार्यकर्ताओं के दिल सनी-सनी (खिले-खिले) हो रहे थे।
कमऑन-कमऑन कह अपने पास बुलाया
बौछारों के बीच विजय बहुगुणा की फॉरच्युनर कार की छत पर खड़े होकर मुख्यमंत्री अपने को सत्तर साल का युवा बताकर बारिश से दुबक कर दूर खड़े कार्यकर्ताओं को कमऑन-कमऑन कह अपने पास बुलाया।
मुख्यमंत्री ने तेज हवाओं और बारिश को ललकार कहते रहे आंधी आओ, तूफान भी आ जाओ लेकिन साकेत बहुगुणा को जिताना है। टिहरी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार साकेत बहुगुणा ने बृहस्पतिवार को अपना नामांकन कराया।
घने बादलों ने डेरा डाला
उधर साकेत बहुगुणा ने नामांकन दाखिल किया और परेड ग्राउंड सभा स्थल पर काले घने बादलों ने डेरा डाल दिया। तमाम कार्यकर्ता बारिश से बचने के लिए क्रीड़ा स्थल से जुड़े भवनों में ओट में हो लिए।
जबकि एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता बारिश में भीगते नारेबाजी करते ग्राउंड के चक्कर लगाते रहे। कुछ ही देर में मंच और कार्यकर्ताओं के बैठने केलिए लगाया टेंट टपकने लगा और झुककर गिर गया।
नामांकन कराकर विजय बहुगुणा और प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य एक कार में आए। बारिश में भीग रहे और इधर-उधर खड़े कार्यकर्ताओं को कार से घूमकर हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
प्लास्टिक पोस्टर को बनाया छत
ग्राउंड पहुंचे साकेत को कुछ कार्यकर्ताओं ने कंधे पर उठा लिया और तेज बारिश में नारेबाजी करते उन्हें घुमाते रहे। कुछ नेता छतरी लिए थे तो कुछ ने साकेत बहुगुणा के नाम के प्लास्टिक पोस्टर को छत बना लिया था।
तभी मुख्यमंत्री हरीश रावत ग्राउंड पर पहुंचे और पूरी तरह से ध्वस्त मंच पर ना जाकर नीचे ही साकेत का स्वागत करने लगे। तभी साकेत की नजर पास खड़ी पापा की कार पर पड़ी साकेत उसके बोनट पर चढ़ गए और लोगों का धन्यवाद देने लगे।
फिर मुख्यमंत्री पहले बोनट और फिर कार की छत पर जा चढ़े। बारिश में साउंड व्यवस्था चौपट हो गई थी। लिहाजा प्रचार की गाड़ी का माइक मुख्यमंत्री को थमाया गया।
साकेत बहुगुणा को जिताना है
मुख्यमंत्री बोलने चले तभी पास खड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने साकेत बहुगुणा जिंदाबाद के नारे बुलंद कर दिए। साकेत हाथ जोड़कर लोगों को रोकते रहे लेकिन कुछ देर तक नारेबाजी होती रही।
आखिर मुख्यमंत्री ने कह ही दिया ज्यादा जिंदाबाद भी कभी-कभी ठीक नहीं होता। मुख्यमंत्री ने कहा चाहे जितना भी आंधी-तूफान आ जाए सात मई को हमें साकेत बहुगुणा को जिताना है।
नामांकन जनसभा में मंत्री इंदिरा ह्दयेश, सुरेन्द्र सिंह नेगी, अनुसूया प्रसाद मैखुरी, टीपीएस रावत, सूर्य कांत धस्माना, विधायक सुबोध उन्नियाल, राजकुमार और किशोर उपाध्याय आदि मौजूद थे।