हरिद्वार में लोकसभा चुनाव के नामांकन में दाखिल किए गए शपथ पत्र के मुताबिक बसपा प्रत्याशी हाजी मोहम्मद इस्लाम पर इसी साल चार मार्च से दहेज उत्पीड़न और धमकी देने का मुकदमा चल रहा है।
यह मुकदमा नई दिल्ली की मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट तीस हजारी कोर्ट दिल्ली में विचाराधीन है।
भाजपा प्रत्याशी निशंक पर पौड़ी की सीजेएम कोर्ट में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 171 के तहत छह सितंबर 2012 से मुकदमा चल रहा है। इस मामले में निशंक पर चुनाव प्रचार के उपरांत बैठक करने का आरोप है।
बसपा प्रत्याशी ने दो पत्नियों का किया जिक्र
बसपा प्रत्याशी हाजी मोहम्मद इस्लाम ने अपने शपथ पत्र में दो पत्नियों का जिक्र किया है। पहली पत्नी के तौर पर जुल्फाना और दूसरी पत्नी के तौर पर आशी इस्लाम का नाम लिखा गया है।
माइक में आया करंट
देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अपना बयान समाप्त कर माइक प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य को थमाया। आर्य ने सम्बोधन शुरू ही किया था तभी उसमें करंट आ गया।
उन्होंने झटके से माइक को फेंका तो पास खड़े जसबीर सिंह रावत ने उठाया उन्हें भी करंट लगा। तभी नेता लाल चंद ने माइक नीचे फेंक दिया।
दरअसल, नेताओं के सम्बोधन के लिए एक प्रचार वाहन का माइक इस्तेमाल में लाया जा रहा था जो जेनरेटर से चल रहा था। लगातार हो रही बारिश के चलते उसमें करंट आ गया था।