पहाड़ों से निकल कर मायानगरी पहुंचे उत्तराखंड के सितारे वहां भी सामाजिक सरोकार नहीं भूले हैं। कुछ मुंबई में वोट डाल चुके हैं तो कुछ उत्तराखंड में वोटिंग पर आने की तैयारी में हैं।
वोट के लिए जागरूक करने में जुटे
यही नहीं, जो वोट डालने से चूक गए, वे आगे बढ़कर दूसरों को वोट के लिए जागरूक करने में जुटे हैं। उनकी लोकप्रियता भुनाने के लिए कई दलों ने प्रचार के लिए जोड़ना चाहा, मगर अधिकांश ने दूर से ही हाथ जोड़ लिए।
मगर अपने तरीके से लोगों को जागरूक करना जारी रखा है। उत्तराखंड में सात मई को मतदान के दिन की क्या है उनकी तैयारी, जानते हैं उन्हीं की जुबानी।
वोट यात्रा को विश्राम, पांडे जी ने किया मतदान
अभिनेता हेमंत पांडे अपनी ‘वोट यात्रा’ निपटते ही मुंबई पहुंचे और वोट दिया। हेमंत के मुताबिक भाजपा, कांग्रेस, आप सभी ने प्रचार को कहा, लेकिन मैंने साफ कहा, मुझे पैसे लेकर प्रचार नहीं करना।
जब भी करूंगा, अपने मन से और फ्री करूंगा। वोट यात्रा के लिए पलटन बाजार में भी शूटिंग हो चुकी है। इस दौरान भी लोगों से मतदान की अपील जरूर की।
मैं वोट देने दून आ रही हूं। 6 मई की शाम घर आ जाऊंगी। 7 मई को एक शादी में जाना है, उससे पहले वोट दूंगी। भाजपा, कांग्रेस, आप, सपा, बसपा सभी ने प्रचार के लिए कहा। मैं असमंजसता में थी। बाद में सभी को मना कर दिया। अपने ग्रुप में सभी को मैसेज भेज वोट अपील कर रही हूं।
- हिमानी शिवपुरी, अभिनेत्री
मैं वोट के लिए समय निकालने की कोशिश जरूर करूंगी। कुछ पार्टियों ने कोटद्वार मेरे घर पर मुझे प्रचार के लिए संपर्क किया था, लेकिन मैंने मना कर दिया। फेसबुक पेज के जरिए वोट अपील कर रही हूं, ताकि बेहतर सरकार आए और युवाओं का भविष्य सुनिश्चित हो सके।
- उर्वशी रौतेला, अभिनेत्री
वोट के लिए दून आ सकूं, इसलिए अपने व्यस्त शेड्यूल में गुणा-भाग कर रही हूं। मेरा इसलिए भी दून आना जरूरी है कि क्योंकि मम्मी मेरी वजह से मुंबई में ही हैं। मैं नहीं आई तो वे भी नहीं आएंगी। दोनों ही वोट नहीं दे पाएंगे। दोस्तों को भी वोट के लिए जागरूक कर रही हूं।
- माही खंडूड़ी, अभिनेत्री
मेरा वोट दिल्ली में है। कुछ कारणों से वोट न देने पाने का मलाल है। प्रचार के लिए कई पार्टियों ने ऑफर किया, लेकिन किसी का प्रचार नहीं किया। सबको बस एक ही संदेश है, वोट जरूर करें।
- दीपक डोबरियाल
मुंबई में दोस्तों के साथ मिलकर वोट डाला। अब दून के दोस्तों को वोट अपील कर रहा हूं। उन्हें वोट डालने के लिए मैसेज भेज रहा हूं।
- अभिषेक तिवारी