मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राज्य में लोकसभा चुनाव कांग्रेस के साथ ही उनके लिए भी चुनौती है। चुनाव परिणाम से ही सीएम की गद्दी का आगे का सफर तय होगा।
उन्होंने कहा कि वह उत्तराखंड की तस्वीर बदलने के लिए प्राण-प्रण से जुटे हैं। सीएम रावत छड़ौंजा और चौखुटिया के उडलीखान मैदान में जनसभाओं में बोल रहे थे।
उन्होंने दावा कि उनकी सरकार ने एक माह में जितने विकास कार्य किए भाजपा सरकार साढ़े छह साल में भी नहीं कर सकी।
अब सम्मान की जिम्मेदारी जनता पर
रावत ने कहा कि सीएम पद की शपथ लेने के दिन से ही राज्य निर्माण आंदोलन की अवधारणा के मुताबिक काम करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में पद संभाला। अब इसके सम्मान की जिम्मेदारी जनता पर है। चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को वोट कम मिले तो इसका असर विकास कार्यों के साथ ही उनकी कुर्सी पर भी पड़ेगा।
उन्होंने प्रदीप टम्टा को विचारवान, ऊर्जावान, क्षमतावान और प्रखर नेता बताते हुए लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील की।
गुजरात से हर मामले में बेहतर उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर तीर चलाते हुए कहा कि गुजरात मॉडल की बात की जा रही है। हमारे यहां 80 प्रतिशत लोगों के पास बिजली है। गुजरात में 40 प्रतिशत घरों में बिजली है।
कहा कि गुजरात में 45 प्रतिशत शौचालय, हमारे यहां 57 प्रतिशत हैं, हमारे यहां 80 प्रतिशत पक्के मकान तो गुजरात में 40 प्रतिशत लोगों के पास पक्के घर हैं।