दीपावली की रात नगर कोतवाली में खड़े आठ वाहनों में आग लग गई। उधर दून विहार में पटाखे की दुकान में आग लगने से अफरातफरी मच गई। फायर स्टेशन को पलटन बाजार में आग लगने की सूचना मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
रात दमकल विभाग को आग लगने से संबंधित 25 शिकायतें मिली। हादसों में करीब 70 लोगों के झुलसने की सूचना है। राहत की बात यह है कि कोई बड़ी घटना नहीं हुई। वहीं, दमकल विभाग का कहना है कि बीते साल की तुलना में इस बार कम हादसे हुए हैं। देहरादून में बृहस्पतिवार को दीपावली की रात जमकर आतिशबाजी हुई। एफएसओ देहरादून सुरेश चंद्र ने बताया कि दीपावली को लेकर विभाग की तैयारियां पूरी थीं। कंट्रोल रूम में रात करीब 25 शिकायतें मिलीं, जिस पर तत्काल फायर ब्रिगेड के वाहन मौके पर भेजे गए। उन्होंने बताया कि अधिकतर घटनाएं दुकानों, पेड़ों और कूड़े के ढेरों में आग लगने से संबंधित थीं। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पाया। बताया कि रात करीब 10 बजे लक्ष्मण चौक खादरी मोहल्ला कांवली रोड के खंडार मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। इस दौरान एक युवक गड्ढे में गिर गया था। दमकल विभाग ने युवक को गड्ढे से निकाला और आग पर काबू पाया। आग बुझाने वालों में एलएफएम प्रदीप चंदोला, सुनील रावत, अंजली डबराल, शिवानी रावत शामिल थीं।
Iकोतवाली में धूं-धूंकर जले वाहन
I
आग की सबसे बड़ी घटना नगर कोतवाली में हुई। यहां देररात अचानक एक वाहन में आग लग गई। वाहन की चपेट में आने से दूसरे वाहन में जलने लगे। आग की लपटें इतनी तेज थीं की करीब आठ वाहन पूरी तरह से जल गए। सूचना पर दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू तो पाया, लेकिन आग में जलकर वाहनों का केवल ढांचा ही बच गया था। नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि आग किसी राकेट के वाहन के करीब आकर गिरने से लगी। उन्होंने बताया कि वाहन पुराने थे, जो कोतवाली में पुराने मामलों में जमा कराए गए थे।
-
बीते साल की तुलना में आधी घटनाएं
दमकल विभाग की मानें तो बीते साल की दीपावली की तुलना में इस बार आग की आधे से भी कम घटनाएं हुई हैं। एफएसओ सुरेश चंद्र ने बताया कि 2023 में आग की घटनाओं के 50 से अधिक मामले देहरादून में सामने आए थे। उन्होंने बताया की संभवत: दो दिन दीपावली के चलते कई लोगों ने पहले दिन आतिशबाजी नहीं की।
Iदूसरे दिन भी दमकल वाहन मुस्तैद
I
दरअसल, इस बार 31 अक्तूबर और 01 नवंबर को दीपावली का संयोग रहा। ऐसे में शुक्रवार को भी शहर में आतिशबाजी हुई। इसे लेकर शहर में जगह-जगह दमकल के वाहन तैनात किए गए। एफएसओ ने बताया कि कंट्रोल रूम में भी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।
Iगोदाम बंद कराया, पेड़ गिरने से यातायात बाधित
I
ट्रांसपोर्ट नगर के सामने जिला प्रशासन ने पटाखे के गोदाम को बंद कराया, इसके चलते गोदाम के बाहर पटाखा लेने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं एफआरआई मेन गेट के पास पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया।