देहरादून के श्री महंत इंदिरेश रोड पर सोमवार रात घुड़चढ़ी के दौरान लंबा जाम लग गया। हालात यह रहा कि जाम में आठ एंबुलेंस फंस गईं।
बाराती अपनी मस्ती में थिरकते रहे और एंबुलेंस जाम खुलने के इंतजार में खड़ी रही। अफसरों के फोन खटके तो पुलिस हरकत में आई। करीब आधा घंटे के प्रयास के बाद यातायात सुचारू हो सका।
लाल पुल से सोमवार रात आठ बजे के करीब एक बारात बैंड बाजे और आतिशबाजी के बीच श्री महंत इंदिरेश अस्पताल की तरफ बढ़ी। बारात की वजह से आधी से ज्यादा सड़क घिरी रही।
देखते-देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एक-एक कर आठ एंबुलेंस जाम में फंस गई। लोग एंबुलेंस को जगह देना चाहते थे, लेकिन जगह होने के कारण वह आगे नहीं बढ़ पा रही थी। हूटरों की आवाज से पूरा इलाका गूंज गया।
जाम लगा तो पुलिस और अफसरों के फोन खटक गए। इसके बाद बाजार चौकी और पटेलनगर पुलिस वहां आ गई। पुलिस को जाम खुलवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। देर रात जाकर यातायात सामान्य हो सका।