- बोर्ड परीक्षाओं में छात्र-छात्राओं का रहा उल्लेखनीय प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा, पिछले चार साल में शिक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ हुई है। विभाग की विभिन्न योजनाओं के धरातल पर उतरने से छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिला है। इससे बोर्ड परीक्षाओं में उनका उल्लेखनीय प्रदर्शन रहा।
शिक्षा मंत्री ने कहा, सरकारी और अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को मुफ्त पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई जाती रही हैं। इस साल कक्षा-एक से 12 वीं तक के लगभग 899763 छात्र-छात्राओं को मुफ्त कॉपियां भी उपलब्ध कराई जा रही है।
परिषदीय परीक्षाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन
देहरादून। माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत वर्ष 2022 से वर्ष 2025 तक बोर्ड परीक्षाफल में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। पारदर्शी मूल्यांकन से समय पर परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। वर्ष 2022 में हाईस्कूल का परीक्षाफल जहां 77.47 प्रतिशत था, वहीं वर्ष 2025 में परीक्षाफल प्रतिशत 90.77 रहा। इसी तरह वर्ष 2022 में इंटरमीडिएट का परीक्षाफल प्रतिशत 82.63 था, जो वर्ष 2025 में 83.23 प्रतिशत रहा।
छात्रवृत्ति से युवा सपनों को लगे पंख
देहरादून। राज्य के राजकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों को प्रोत्साहन के लिए राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत कक्षा-छह से 12 तक के मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जा रहा है।