शिक्षा विभाग में 43 अधिकारियों के तबादलों में कई अफसरों को डबल चार्ज एवं जूनियर को सीनियर के पद पर बैठाए जाने पर शिक्षा विभाग अधिकारी एसोसिएशन की ओर से नाराजगी जताई गई है। मामले में संगठन ने शिक्षा मंत्री और अपर मुख्य सचिव से मिलकर उन्हें बताया कि इससे विभाग का काम प्रभावित होगा।
शिक्षा विभाग में हाल ही में 43 अधिकारियों के तबादले किए गए थे। शासन की ओर से किए गए तबादलों में कुछ अधिकारियों को डबल चार्ज दिया गया है। वहीं, कुछ जूनियर अधिकारियों को वरिष्ठ पदों पर बैठाया गया है। जबकि एक ऐसा मामला भी है जिसमें एक पद पर दो अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं।
शासन की ओर से किए गए इस तरह के तबादलों पर शिक्षा विभाग अधिकारी एसोसिएशन ने शिक्षा मंत्री और अपर मुख्य सचिव डॉ. रणवीर सिंह से मिलकर इसमें संशोधन की मांग की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर सिंह बिष्ट और महामंत्री गजेंद्र सौन की ओर से शिक्षा मंत्री और एसीएस को लिखे पत्र में कहा गया कि मुख्य शिक्षा अधिकारियों का पद महत्वपूर्ण पद है। इस पद पर बैठे अधिकारी पर डबल चार्ज एवं जूनियर की तैनाती से विभाग का काम प्रभावित होगा।
डायरेक्टरों के पास भी है डबल चार्ज
अधिकारियों के पास डबल चार्ज पर सवाल यह है कि शिक्षा निदेशक बेसिक शिक्षा सीमा जौनसारी और माध्यमिक शिक्षा निदेशक आरके कुंवर के पास भी डबल चार्ज हैं। बेसिक शिक्षा निदेशक सीमा जौनसारी के पास बेसिक शिक्षा निदेशक के साथ ही एससीईआरटी का चार्ज है। वहीं, शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा के पास माध्यमिक शिक्षा के साथ ही संस्कृत शिक्षा निदेशक का भी चार्ज है। अन्य अधिकारियों से डबल चार्ज हटेगा तो क्या विभाग के निदेशकों से भी डबल चार्ज हटाए जाएंगे।