लक्सर में मामूली बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद दरगाहपुर गांव में दो पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। एक की गंभीर हालत होने के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने एक हमलावर को हिरासत में लेकर मौके से चार बाइकें बरामद की हैं।
अभी तक घटना की तहरीर नहीं दी गई है। क्षेत्र के दरगाहपुर गांव निवासी परशुराम ने अपने गेहूं की थ्रेसिंग कराई थी। सोमवार को वह खेत से भूसा उठाकर घर ला रहे थे। इसी बीच रास्ते में खड़ी एक ग्रामीण की बुग्गी हटाने को लेकर उनमें कहासुनी हो गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ परशुराम पक्ष पर हमला बोल दिया।
इसमें परशुराम का भाई राजेश, बेटा राहुल, भतीजा तन्मय, भतीजी रितिका घायल हो गए। लोगों को देख हमलावर अपनी बाइक छोड़कर भागने लगे, लेकिन एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। वहीं, हालत गंभीर होने पर राजेश को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बाकी तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। रायसी चौकी प्रभारी ब्रजपाल सिंह ने बताया कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। एक युवक को हिरासत में लेकर बाइकें कब्जे में ले ली गई हैं।