सीमांत विकासखंड मोरी में शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटकों से लोगों में भय का माहौल है। आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र चीन में था और तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 मापी गई है।
शुक्रवार की दोपहर मोरी में लोग दैनिक कामकाज में व्यस्त थे, तभी अचानक भूकंप के तेज झटके लगे। लोग कुछ समझ पाते तब तक माहौल शांत हो गया। मोरी बाजार में होटल व्यवसायी रणजीत राणा ने बताया कि भूकंप का झटका काफी तेज था।
ठेकेदार महेश चौहान ने बताया कि वह परिवार सहित भोजन कर रहे थे कि अचानक रसोई में बर्तनों की तेज आवाज से भूकंप का अहसास हुआ। लोगों ने बताया कि भूकंप के ये झटके एक से डेढ़ सेकंड तक महसूस हुए।
ये भी पढ़ें...Uttarkashi: मार्च 2025 तक आर-पार हो जाएगी सिलक्यारा सुरंग, बीते वर्ष भूस्खलन के चलते दो माह तक बंद रहा था काम
क्षेत्र के कर्ण बहादुर, अतोल रावत, बचन सिंह, महावीर राणा ने बताया कि भूकंप के तेज झटकों से लोगों में भय का माहौल है। जिला मुख्यालय स्थित आपदा प्रबंधन केंद्र ने बताया कि भूकंप का केंद्र चीन में कहीं था। उसका प्रभाव उत्तराखंड में सीमांत मोरी तक देखा गया।