शनिवार को उत्तरकाशी में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए
- फोटो : Amar Ujala
एक दिन पहले शुक्रवार को उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में भूकंप का झटका आने के बाद अब शनिवार को उत्तरकाशी में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जिला मुख्यालय समेत गंगा घाटी क्षेत्र में शनिवार पूर्वाह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।
उत्तराखंड : तो अब लगाया जा सकेगा भूकंप का सटीक पूर्वानुमान, रायपुर कॉलेज में खुला प्रदेश का पहला रेडान सेंटर
रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.3 मापी गई। भूकंप से जिले में किसी तरह का नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन वर्ष 1991 में विनाशकारी भूकंप की त्रासदी झेल चुके जनपदवासियों में भूकंप का भय बना हुआ है।
भूगर्भीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील जोन-4 व 5 में आने वाले उत्तरकाशी जनपद में भूकंप का लंबा इतिहास रहा है। शनिवार सुबह 11 बजकर 27 मिनट पर जिला मुख्यालय सहित भटवाड़ी क्षेत्र में भूकंप के तेज झटके से धरती डोली। भूकंप का झटका महसूस होते ही लोग अपने घर दुकानों से बाहर निकल आए।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.3 मापी गई है। इसका केंद्र भटवाड़ी प्रखंड के गोरसाली गांव के जंगल में जमीन से दस किमी गहराई में था। भूकंप महसूस होते ही आपदा कंट्रोल रूम एक्टिव हो गया। सभी तहसीलों से संपर्क कर भूकंप के बारे में अपडेट ली गई। यमुना घाटी क्षेत्र में भूकंप का झटका महसूस नहीं किया गया। गंगा घाटी क्षेत्र में भी भूकंप से किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है
शुक्रवार को सुबह 10 बजकर 5 मिनट पर उत्तराखंड की धरती भूकंप के झटके से डोल उठी थी। बागेश्वर में शुक्रवार की सुबह भूकंप का झटका महसूस किया गया था। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.3 मापी गई थी। सभी तहसील और थानों को सूचित कर दिया गया था। किसी नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई।