वैज्ञानिकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए भूकंप को लेकर अब उन्होंने एक और राज खोला है। वैज्ञानिकों का कहना है कि हिमालय अब धीरे-धीरे खिसक रहा है। जो भविष्य में आने वाले एक बड़े भूकंप का संकेत है।
यह बात वैज्ञानिकों ने वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान में हिमालय के फॉल्ट जोन की स्थिति पर आयोजित व्याख्यान के दौरान कही। उनका कहना है कि हिमालय अपनी उत्पत्ति के समय से उत्तर से दक्षिण की तरफ खिसक रहा है। जिसकी गति प्रति वर्ष 40 मिलीमीटर है।
हैरानी की बात यह है कि करीब 80 किलोमीटर लंबाई का यह भूभाग उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी के उत्तर से देहरादून के पास मोहंड क्षेत्र तक फैला है। उनका कहना है कि भूकंपीय फॉल्ट अधिक ढालदार होने से भूगर्भ में भूकंपीय ऊर्जा निरंतर संचित हो रही है।