उत्तराखंड के कई इलाके भूकंप के झटकों से थर्रा गया। जिससे लोगों में दहशत फैल गई। घरों में सोए लोग उठ गए और खुले में आ गए।
पिथौरागढ़ के जिला मुख्यालय और धारचूला में शनिवार तड़के 3.47 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.4 आंकी गई। इसका केंद्र 29.3 उत्तरी अक्षांश और 81.7 पूर्वी देशांतर था जो पश्चिमी नेपाल के पहाड़ी इलाके में पड़ता है।
मौसम विभाग के अनुसार भूकंप का केंद्र जमीन की सतह से दस किलोमीटर की गहराई पर था। धारचूला में भूकंप का झटका ज्यादा महसूस किया गया। सोए लोग दहशत में उठ गए। जिला मुख्यालय में भी मकानों की दूसरी और तीसरी मंजिलों में रहने वालों को ज्यादा तीव्र झटके महसूस हुए।
नेपाल सीमा से सटे इलाकों में भूकंप का झटका ज्यादा रहा। जिला मुख्यालय में आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार नेपाल सीमा से सटे इलाकों में ही भूकंप का ज्यादा असर रहा। अन्य इलाकों में भूकंप का असर कम रहा।
आपदा प्रबंधन अधिकारी डॉ. आरएस राणा ने बताया कि कहीं से भी नुकसान की सूचना नहीं है। प्रभारी जिलाधिकारी विनोद गिरी गोस्वामी के अनुसार कहीं से भी नुकसान की खबर नहीं है। सभी एसडीएम को अलर्ट रहने को कहा गया है।