जौनसार-बावर जनजाति खेलकूद एवं सांस्कृतिक समिति नवयुवक संघ खत फरटाड की ओर से आयोजित 59वें दशहरा पर्यटन मेले का रविवार को पिपाया (धिरोई) खेल मैदान में भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव के पहले दिन खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। पहले दिन कबड्डी में कालीधार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खत स्याणा सुरेंद्र तोमर, ग्राम पंचायत लखस्यार के प्रधान गजेंद्र तोमर और विशिष्ट अतिथि ग्राम पंचायत खाड़ी के प्रधान जितेंद्र तोमर सहित अन्य गणमान्य लोगों ने सामूहिक रूप से किया। प्रतियोगिता के जूनियर कबड्डी वर्ग में 16 टीमों ने प्रतिभाग करने के लिए पंजीकरण कराया। जूनियर कबड्डी का पहला मुकाबला बाबूगढ़ विकासनगर और कालीधार की टीम के बीच खेला गया। इसमें कालीधार की टीम ने बाबूगढ़ विकासनगर को पराजित कर जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में धनपौऊ की टीम ने कालसी को मात दी, जबकि गरखेत ने बडेत को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। आयोजकों ने बताया कि तीन दिवसीय मेले में खेलकूद के साथ सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। मेले का उद्देश्य क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है। इस दौरान पूर्व प्रधान दिनेश तोमर, स्याणा विजेंद्र सिंह तोमर, संरक्षक गजेंद्र तोमर, समिति अध्यक्ष प्रदीप तोमर, सचिव युद्धवीर तोमर, उपाध्यक्ष रणवीर सिंह तोमर, कोषाध्यक्ष अंशुल तोमर, क्रीड़ा अध्यक्ष नवीन नौटियाल, सांस्कृतिक सचिव गंभीर तोमर आदि मौजूद रहे।