लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित दशहरा मेले में बॉलीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल ने अपने गीतों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। साथ ही मंच से उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश देकर लोगों को इसकी शपथ भी दिलाई। मेले में मुख्य अतिथि के तौर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल मौजूद थे।
लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी की ओर से लक्ष्मण चौक स्थित हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज में दशहरा मेले और पुतला दहन किया गया था। मेले में जुबिन नौटियाल को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया था।
जिन्हें सुनने और देखने के लिए मेले में हजारों लोग पहुंचे थे। करीब सात बजे जैसे ही जुबिन वहां पहुंचे, लोगों ने तालियों से उनका स्वागत किया। इसके बाद भी जुबिन ने तेरे मेरे सपने..., बंद आंखों के तारे में हैं..., जिंदगी कुछ तो बता अपना पता... के साथ ही गढ़वाली गीत मी नि करदू तीसे बात, छोड़-छोड़ मेरू हाथ... गीत गाकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। अंत में जुबिन ने मंच से बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ का संदेश दिया और लोगों को इस नारे को साकार करने की शपथ भी दिलाई।
इससे पहले सोसाइटी की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के मौजूदगी में रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक हरबंश कपूर, विधायक खजान दास, नरेश बंसल, रामशरण नौटियाल आदि मौजूद थे।