रफ्तार के कहर में एक नृत्यांगना के पैर के साथ उसका सपना भी टूट गया। तीन महीने से युवती बिस्तर पर है। पैर के सात ऑपरेशन हो चुके हैं। लेकिन, उसे टक्कर मारने वाला युवक अभी तक पकड़ा नहीं गया है। इसी को लेकर अब युवती ने एक वीडियो जारी कर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। हालांकि, पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
घटना सितंबर की है। रायपुर के बालावाला निवासी युवती मीनाक्षी उस रात किसी काम से अपने घर के बाहर निकली थी। स्कूटर पर बमुश्किल उसकी रफ्तार 20 किलोमीटर प्रतिघंटा ही रही होगी। लेकिन, पीछे से हवा से बातें करता एक युवक अपना स्कूटर लेकर आया। उसने पहले एक कार को ओवरटेक किया और युवती के स्कूटर को ओवरटेक करने का प्रयास करने लगा।
इसी आपाधापी में पीछे से मीनाक्षी के स्कूटर को टक्कर मार दी। दोनों स्कूटर सवार नीचे गिर गए। आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो मीनाक्षी को उठाया। लेकिन, संवेदनहीन युवक अपना स्कूटर लेकर वहां से भाग निकला।