कार्बेट नेशनल पार्क में तस्करी समेत अन्य मानव गतिविधियों पर मानव रहित विमान ड्रोन से नजर रखी जाएगी। इसके लिए संसाधन और सुविधा एनटीसीए (नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी) कार्बेट पार्क को उपलब्ध कराएगा।
कार्बेट पार्क प्रबंधन की इस संबंध में एनटीसीए से प्रारंभिक वार्ता भी हो चुकी है। इसके अलावा जमीन पर पेट्रोलिंग के लिए सशस्त्र वन कर्मियों का बाइक दस्ता भी तैनात होगा। इसको पैंथर्स नाम दिया गया है। कार्बेट पार्क में बाघों की सुरक्षा के लिए आधुनिक संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
सबसे पहले कार्बेट पार्क में करीब तीन साल पहले ई-आई योजना लागू की थी, इसमें किसी भी मानव के जंगल में घुसने की खबर कार्बेट पार्क के कंट्रोल रूम में पहुंच जाती है। अब एनटीसीए व्यवस्था को और चौकस करने के लिए ड्रोन तैनात करने का फैसला किया है।