नए साल पर वन्यजीवों के शिकार की घटनाओं को रोकने के लिए राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन अलर्ट हो गया है। वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर निदेशक ने एडवाइजरी जारी की है। साथ ही अधिकारियों, कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है। उन्हें संवेदनशील इलाकों में चौबीसों घंटे गश्त करने और शिकारियों पर ड्रोन कैमरे से नजर रखने की हिदायत दी गई है।
टाइगर रिजर्व निदेशक डीके सिंह ने बताया कि उन संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर रखी जाएगी जहां पहले वन्यजीवों के शिकार की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बिना अनुमति दाखिल होने वालों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
टाइगर रिजर्व में जश्न पर प्रतिबंध
नए साल के मौके पर टाइगर रिजर्व के भीतर पर्यटक किसी भी प्रकार का जश्न नहीं मना सकेंगे। टाइगर रिजर्व में कानफोड़ू संगीत सुनने और आतिशबाजी करने की मनाही होगी।