पोखरी। विकासखंड पोखरी के गुनियाला गांव में एक माह से पेयजल संकट बना हुआ है। लोनिवि की ओर से रौता-हरिशंकर मोटर मार्ग चौड़ीकरण के चलते पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। स्थानीय लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द पेयजल लाइन दुरुस्त कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के चलते मलबा गिरने से एक माह पहले उनके गांव की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी जिसे अभी तक ठीक नहीं किया जा सका है। लोग इस कड़ाके की ठंड में भी प्राकृतिक स्रोत से पानी ढोने के लिए मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में वे लोनिवि को कई बार बता चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान देवेंद्र लाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा चौधरी, कुंवर चौधरी और रघुवीर चौधरी सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।