- पूर्व प्रधानमंत्री स्व. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूर्व प्रधानमंत्री व अर्थशास्त्री स्व. डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि देकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, ईमानदारी व सादगी जीवनशैली के लिए याद किया।
शुक्रवार को कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा, डॉ. मनमोहन सिंह ने देश की आर्थिक मजबूती, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका सादगीपूर्ण जीवन और ईमानदार नेतृत्व आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने शांत, ईमानदार और दूरदर्शी नेतृत्व से देश को नई आर्थिक दिशा दी। आर्थिक सुधारों के माध्यम से भारत को वैश्विक मंच पर मजबूती देने में उनका बड़ा योगदान है।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा, उदारीकरण से लेकर मनरेगा, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा जैसे जनकल्याणकारी निर्णयों में डॉ. मनमोहन सिंह की भूमिका अविस्मरणीय है। कांग्रेस पार्टी सदैव उनके विचारों और नीतियों पर चलकर देश सेवा का कार्य करती रहेगी। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महामंत्री नवीन जोशी, राजेंद्र शाह, मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी, प्रवक्ता प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, राजेश चमोली, डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, अभिनव थापर, अमेंद्र सिंह, जितेंद्र बिष्ट, यशपाल चौहान, दीप बोहरा मौजूद रहे।