चकराता। तहसील क्षेत्र के च्यामा गांव निवासी डॉ. लीला चौहान को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की अध्ययन समिति में नियुक्त किया गया है। उन्हें जौनसारी भाषा एवं साहित्य विषय की विशेषज्ञ सदस्य बनाया गया है। विश्वविद्यालय ने उन्हें जौनसारी भाषा एवं साहित्य अध्ययन प्रमाणपत्र कार्यक्रम के निर्माण और विकास के लिए आमंत्रित किया है।
डॉ. लीला चौहान को मानविकी विद्याशाखा के तहत संचालित इस कार्यक्रम की अध्ययन समिति में शामिल किया गया है। उनकी शैक्षणिक योग्यता, शोध अनुभव और विषयगत विशेषज्ञता के आधार पर यह नियुक्ति हुई है। समिति में वह अध्ययन कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करेंगी। इसके साथ ही वह पाठ्यक्रम विकास में भी योगदान देंगी। वह विभिन्न शैक्षणिक विषयों पर अपने सुझाव और विशेषज्ञ परामर्श प्रदान करेंगी। यह नियुक्ति उनकी शैक्षणिक और शोध उपलब्धियों का सम्मान मानी जा रही है।